अल्मोड़ा पुलिस ने 2 लापता किशोरों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा। पुलिस ने महज 12 घंटों में लापता किशोरों का पता लगाकर परिजनों के चहेरे पर मुस्कान बिखेर दी।
अल्मोड़ा निवासी एक व्यक्ति ने 13 फरवरी को कोतवाली में अपने 15 साल के बेटे के लापता होने की तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि उसका पुत्र अपने सहपाठी के साथ सुबह स्कूल के लिए निकला। छात्र स्कूल नहीं पहुंचा तो शिक्षक ने घर में फोन कर किशोर के स्कूल नहीं आने की सूचना परिजनों को दी। परिजनों से हर संभव स्थानों पर खोजबीन की और किशोर का पता लगाने की कोशिस की लेकिन परिजन नाकाम रहे। थक हारकर परिजनों ने अल्मोड़ा कोतवाली में किशोरों के गुम होने की तहरीर सौंपी।
तहरीर मिलने के बाद कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर दर्ज की गयी और विवेचना प्रभारी बेस चौकी एसआई कृष्ण कुमार के सुपुर्द की गयी। इस दौरान एसआई कृष्ण कुमार ने पुलिस टीम का गठन कर देर रात तक संभावित स्थानों में खोजबीन की। लेकिन किशोरों का पता नहीं चल पाया।
14 फरवरी को पुलिस टीम ने किशोरों की बरामदगी के लिए सुराग लगाये। सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर पुलिस का खोजी दस्ता काम पर लगा रहा। सीसीटीवी की गहन जांच के और ठोस सूचना के आधार दोनों नाबालिग किशोरों को गैस गोदाम लक्ष्मेश्वर के पास से सकुशल बरामद किया गया। दोनो किशोर हल्द्वानी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही कर दोनों किशोरों को उनके परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस का धन्यवाद दिया।

