अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के सिलानी गांव में माँ भगवती के मंदिर में पंचधातु की मूर्ति स्थापना का धार्मिक आयोजन शुरू हो गया है। तीन दिनों तक चलने वाला भक्तिमय आयोजन 29 से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के पहले दिन रविवार 29 जनवरी को माता की मूर्ति को पालकी में बिठा कर भव्य यात्रा निकाली गयी। इसके लिए माता की मूर्ति को दौलाघट गोपेश्वर महादेव मंदिर में स्नान के बाद पालकी में बिठाया गया। इसके बाद महादेव मंदिर से ग्रामीण महिलाओं ने पारम्परिक परिधानों में कलश के साथ माता की भव्य शोभा यात्रा निकाली। इस दौरान पुरूषों ने पारम्परिक परिधान पहन कर यात्रा निकाली। माता के जयकारों के बीच मूर्ति को माँ भगवती मंदिर लाया गया।
मूर्ति स्थापना के क्रम में दूसरे दिन माता की मूर्ति को अनाज के भंडार में रखा गया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और पूजा पाठ भी किया गया। साथ ही भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंगलवार को मूर्ति की प्रांण प्रतिष्ठा का दौर चलेगा। इस दौरान पूजा-पाठ और हवन सहित भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
आयोजन के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह बिष्ट ने क्षेत्र और आस-पास के ग्रामीणों से मूर्ति-पूजन कार्यक्रम में माता के दर्शन और भंडारा में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। फिलहाल कार्यक्रम में दौलाघट क्षेत्र के रिखे, केस्ता, पणकोट, लक्ष्मीपुर कुजगल, रमणा, चौना गांव से लोग पहुंच रहे हैं। आयोजन में अध्यक्ष महेन्द्र सिंह बिष्ट, हवन पुजारी उमेश जोशी, जजमान पान सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान ममता बिष्ट सहित समस्त ग्रामवासी भव्य बनाने में जुटे हैं।