मकान में लगी आग….गरीब का सारा सामान खाक…. एकजुट हुए ग्रामीणों ने बुझाई आग

मकान में लगी आग….गरीब का सारा सामान खाक…. एकजुट हुए ग्रामीणों ने बुझाई आग

अल्मोड़ा के सूरी गांव में आग भड़कने से अफरा तफरी का माहौल बन गया। यहां ताड़ीखेत विकासखंड के सूरी गांव में एक मकान भीषण आग लग गयी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गयी। गांव के पुरूष, महिला और बच्चों ने पानी डालकर आग बुझाई। ग्रामीणों की तत्परता से बगल वाला मकान बचा लिया गया। ग्रामीणों ने शाट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।

ताड़ीखेत विकासखंड के सूरी गांव में बुधवार देर शाम करीब आठ बजे स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत देवेंद्र सिंह परिहार के मकान में अचानक आग भडक उठी। जब तक बाजू वाले मकान में रहने वाले देवेंद्र के भाई नरेंद्र सिंह व अन्य सदस्य कुछ समझ पाते मकान धूं-धूं कर जलने लगा। लकड़ी का मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गयी। ग्राम प्रधान हरक सिंह परिहार ने सभी ग्रामीणों को एकजुट किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जैसे तैसे हालात पर काबू पाया जा सका। देवेंद्र के भाई नरेंद्र का मकान चपेट में आने से बचा लिया गया। प्रधान के साथ ही तारा सिंह परिहार, भूपाल सिंह परिहार, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, चंदन सिंह, सुमित सौरव, कैला देवी, मंजू देवी, दीपा देवी, चमेली देवी, मंजू देवी, ममता देवी, गंगा देवी, गोविंद सिंह, पूरन सिंह, कमल, शिव सिंह, आशा देवी, डूंगर सिंह, राजेंद्र सिंह, भगवती देवी, राम सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि ग्रामीण देर रात तक डटे रहे। हादसे में राशन, कपड़े लत्ते, रजाई बिस्तर, पाठ्य सामग्री समेत भारी नुकसान हुआ है।

बत्ती गुल होने से बढ़ी मुश्किल-
मकान में आग लगने के साथ गांव में बिजली गुल हो गई। इससे आग बुझाने में मुश्किलें आई। ग्रामीणों ने मोबाइल व इमर्जेंसी लाइटों की मदद से कुछ दूर नौले व टंकियों से पानी भरकर ग्रामीणों ने आग बुझाई। इस दौरान ंगांव में धुएं का गुबार फैल गया।

Almora